एस के श्रीवास्तव विकास*

*वाराणसी/-डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल द्वारा जोन के अंतर्गत समस्त थानों के व्यापारी बंधुओं के साथ गोष्ठी का आयोजन किया गया।इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त (राजातालाब एवं पिंडरा) समस्त थाना प्रभारीगण तथा व्यापारी संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।गोष्ठी के दौरान व्यापारी बंधुओं द्वारा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव साझा किए गए।व्यापारियों ने बताया कि दुकानों पर माल लाने वाले लोडेड वाहनों का कभी-कभी पुलिस द्वारा चालान कर दिया जाता है,जिससे उन्हें कठिनाई होती है।

इस पर पुलिस उपायुक्त महोदय ने स्पष्ट किया कि यदि वाहन वास्तविक व्यापारिक सामग्री लेकर आ रहे हैं और निर्धारित समय,स्थान एवं नियमों का पालन कर रहे हैं,तो उनका अनावश्यक चालान न किया जाए।पर साथ ही स्पष्ट किया कि ऐसे वाहन कई बार यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं,जिससे आमजन को असुविधा होती है।अतः इस पर पूरी तरह से छूट नहीं दी जा सकती।स्थानीय थाना प्रभारी व्यापारीगण से समन्वय स्थापित करते हुए ऐसा व्यवहारिक समाधान निकालें जिससे व्यापार प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था भी बाधित न हो।एक व्यापारी द्वारा बाजार क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तेज आवाज साइलेंसर वाली मोटरसाइकिल इस्तेमाल करने की शिकायत की गई।इस पर पुलिस उपायुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी बात रखी।इस पर महोदय ने स्पष्ट किया कि अधिकतर आपराधिक घटनाओं में ऐसे ही वाहनों का प्रयोग किया जाता है,अतः पुलिस की कार्रवाई जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है।उन्होंने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे ऐसे मामलों में पुलिस को सहयोग प्रदान करें।पुलिस उपायुक्त महोदय द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारी बंधुओं से नियमित संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से लें तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।व्यापारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं तथा उनका रुख सार्वजनिक मार्ग की ओर हो,ताकि सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।इसके अतिरिक्त,यह भी अवगत कराया गया कि कुछ दुकानदार फुटपाथ अथवा पटरियों पर सामान रख देते हैं,जिससे आमजन के चलने में असुविधा होती है एवं यातायात बाधित होता है।इस संबंध में पुलिस ने व्यापारीगण से सहयोग की अपेक्षा की,ताकि शहर की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जा सके।गोष्ठी के समापन पर व्यापारी द्वारा डीसीपी आकाश पटेल को स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं पारंपरिक साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।व्यापारी प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा उनकी बातों को गंभीरता से सुनने और समाधान हेतु तत्परता दिखाने पर आभार व्यक्त किया।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस एवं व्यापारियों के आपसी सहयोग से न केवल व्यापारिक माहौल बेहतर होगा,बल्कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा भी होगी।*


