एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में आबकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है।कछवा रोड चौकी अंतर्गत ठठरा–काछवा बाजार मार्ग पर स्थित देशी शराब की दुकान पर निर्धारित समय से पहले दुकान खोलकर शराब बिक्री किए जाने के साथ ही नाबालिग बच्चों को भी शराब बेचे जाने का गंभीर आरोप लगा है।स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त देशी शराब की दुकान सुबह करीब आठ बजे ही खोल दी जाती है,जबकि शासन द्वारा शराब की दुकानों के खुलने का समय निर्धारित किया गया है।आरोप है कि दुकान संचालक समय की परवाह किए बिना खुलेआम शराब बेच रहे हैं।इतना ही नहीं,दुकान से लगभग 12 वर्ष तक के बच्चों को भी शराब दिए जाने का मामला सामने आया है।ग्रामीणों का कहना है कि जिन हाथों में कलम और किताब होनी चाहिए उन मासूम बच्चों के हाथों में शराब की बोतलें थमा दी जा रही हैं,जो समाज के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है।यह घटना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि समाज में गलत संदेश भी दे रही है।बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले का वीडियो भी मौजूद है,जिसमें नाबालिग बच्चों को शराब दिए जाने की बात सामने आ रही है।वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में नशे की प्रवृत्ति और अधिक बढ़ सकती है,जिसका सीधा असर बच्चों और युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा।क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस और आबकारी विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही और कानून उल्लंघन की घटनाएं दोबारा न हो सकें।


