एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीबीए सेकेंड सेमेस्टर के छात्र की बिहार के समस्तीपुर में गोली लगने से मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही छात्र के सहपाठियों और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई।उधर पिता की तहरीर पर स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि बिहार निवासी निलेश झा (लगभग 25 वर्ष) पुत्र पप्पू झा मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बीबीए सेकेंड सेमेस्टर का छात्र था।होली की छुट्टी होने के कारण वह कुछ दिन पहले अपने पैतृक गांव समस्तीपुर चला गया था।रविवार की सुबह उसे ट्रेन से वापस वाराणसी आकर कॉलेज पहुंचना था,लेकिन उससे पहले ही शनिवार देर शाम गोली लगने से उसकी मौत की खबर सामने आ गई।घटना समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ घनेशपुर इलाके की बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार निलेश को उसके कुछ दोस्तों ने फोन कर पार्टी के लिए बुलाया था।बताया जा रहा है कि मऊ बाजार में निलेश अपने दोस्तों के साथ मौजूद था,तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान उसे गोली लग गई।गोली लगने के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे पास के एक अस्पताल पहुंचाया,लेकिन हालत गंभीर होते देख वे मौके से निकल गए।सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने लगे,लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मामले में छात्र के चचेरे भाई शिवम कुमार झा का आरोप है कि हरिओम नामक युवक ने फोन कर निलेश को बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गोली मार दी गई।इधर समस्तीपुर पुलिस इस मामले में वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।


