एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर (हरहुआ) गांव में कीमती जमीनों पर भूमाफियाओं की नजर है।यहाँ अधिकारियों को बिना सूचना दिए और बगैर सीमांकन के रिंग रोड फेज दो के समीप चोरी-छिपे रात में सरकारी बंजर जमीन की घेराबंदी करने का गंभीर मामला सामने आया है।स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा के निर्देशानुसार गुरुवार को कानूनगो भोला प्रसाद और लेखपाल आशीष कुमार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुँचे।जांच के दौरान टीम को निर्माण करवाने वाले व्यक्ति के बारे में पूछताछ करने के बाद कोई जानकारी नहीं मिल सकी। क्योंकि काम रात में ही कराया जा रहा है और दिन में लोग सामान चाहरदीवारी में रखकर भाग जा रहे हैं।

इस बारे में मौके पर पहुंचे कानूनगो भोला प्रसाद ने बताया कि दस्तावेजों के आधार पर यह चाहरदीवारी पूरी तरह अवैध लग रही है।चर्चा है कि यह जमीन पास के एक आश्रम और एक नेता की शह पर घेरी जा रही है।कानूनगो ने कहा कि निर्माण करवाने वाला कोई वैध वारिस सामने नहीं आता है तो शुक्रवार को अवैध बाउंड्री को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया जाएगा।वहीं क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि कीमती जमीन को रात के अंधेरे में घेरने के इस खेल में कहीं न कहीं स्थानीय राजस्व कर्मियों की भी मौन सहमति या मिलीभगत हो सकती है।हालांकि इस बात का कोई पुख्ता प्रमाण अब तक सामने नहीं आया है,लेकिन जिस तरह प्रशासन की आंखों के नीचे अवैध बाउंड्री खड़ी हो गई,उसने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान जरूर लगा दिए हैं।इसी गांव में कई अन्य जगह भी हो रहे अवैध कब्जों के बारे में भी जानकारी मिली है,जल्द ही खुलासा किया जाएगा।


