एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-आराजी लाइन विकास खंड के ग्राम पंचायत घमहापुर में बना सामुदायिक शौचालय ग्रामीणों के लिए सुविधा नहीं बल्कि परेशानी का कारण बन गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय बनने के बाद से आज तक कभी इसका ताला नहीं खुला,जिससे इसका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है।लाखों रुपये की लागत से बने इस शौचालय की बदहाली साफ तौर पर जिम्मेदारों की लापरवाही को उजागर कर रही है ग्रामीणों ने बताया कि जब इस संबंध में पंचायत सचिव से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने साफ शब्दों में कह दिया कि

“आपको जितनी जानकारी है,उतना लिख दीजिए”,जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।वहीं पंचायत भवन के ठीक सामने जलभराव की स्थिति बनी हुई है,जिसके चलते ग्रामीणों को पंचायत भवन तक पहुंचने के लिए पानी में होकर जाना पड़ रहा है स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है,लेकिन इसके बावजूद न तो शौचालय को चालू कराया गया और न ही जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था की गई।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने और जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देते हैं और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल पाता है या नहीं।


