एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-राजातालाब तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएनटी समुदाय के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।यह पहल समाज उत्थान सेवा समिति के सहयोग से की गई,जिसमें नहवनीपुर,भाऊपुर और नेवादा ग्राम पंचायतों की नट बस्ती के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।ज्ञापन के माध्यम से नहवनीपुर और नेवादा ग्राम पंचायत में आवागमन की गंभीर समस्या को उठाते हुए खड़ंजा एवं जमीन की मांग की गई साथ ही जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन डाले जाने के बावजूद उन्हें अब तक पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही है,जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।वहीं ग्राम पंचायत भाऊपुर की बनवासी बस्ती के लोगों ने अपने लिए स्थायी आवास हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि वर्षों से वे अस्थायी और असुरक्षित स्थिति में रहने को मजबूर हैं।इस अवसर पर समाज उत्थान सेवा समिति से अनिल कुमार,रविन्द्र कुमार यादव,प्रीति पटेल और रूपा पटेल उपस्थित रहे।साथ ही नहवनीपुर,भाऊपुर और नेवादा ग्राम पंचायत से मुख्तार,हलचल,अनीश,उषा,पूनम,मंजू,राजू,कबूतरा,हामिद,सद्दीक,रीता और बोधई सहित कई लोग मौजूद रहे।एसडीएम ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।


