एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।आरोपी की पहचान गांव के निवासी मोहित के रूप में हुई है,जिसे पुलिस ने सोमवार को बेनीपुर नहर के पास से पकड़ा।पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी मोहित लंबे समय से शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था।जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो मोहित ने जातिगत भेदभाव का बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया।युवती ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी।जब उसने मोहित को इस बारे में बताया तो उसने उसे धमकाया और उससे संपर्क तोड़ लिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता अपने परिजनों के साथ मिर्जामुराद थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी मोहित के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है,पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।मिर्जामुराद पुलिस ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया।


