एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-आराजी लाइन विकास खण्ड के ग्राम पंचायत जंसा में खेल मैदान के अभाव के बावजूद सम्राट स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के गरीब एवं असहाय तीन सौ बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।संस्था का उद्देश्य बच्चों को खेल के माध्यम से अनुशासन,आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा देना है।दुर्भाग्य की बात है कि भारत युवा प्रधान देश होने के बावजूद भी खेल के क्षेत्र में पीछे है,अतः ग्राम सभा जंसा में लगभग एक बीघा भूमि खेल मैदान के नाम से राजस्व अभिलेखों में दर्ज होने के बावजूद उस पर मनमाने ढंग से निर्माण कार्य कर दिया गया है तथा पोखरी की खुदाई कर दी गई है।इससे ग्राम सभा की खेल व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो रही है और बच्चों के अभ्यास में गंभीर कठिनाई उत्पन्न हो रही है।सम्राट स्पोर्ट्स फाउंडेशन का मानना है कि खेल प्रत्येक बच्चे का अधिकार है।

ग्रामीण अंचल के बच्चों को भी वही अवसर मिलना चाहिए जो शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध हैं।खेल मैदान की अनुपलब्धता से प्रतिभाशाली बच्चों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।अतः संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से अनुरोध है कि खेल मैदान के लिए आवंटित भूमि की निष्पक्ष जांच कराई जाए।अवैध निर्माण/अतिक्रमण को हटाकर भूमि को खेल मैदान के रूप में सुरक्षित किया जाए।ग्राम सभा के बच्चों के हित में स्थायी खेल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।संस्था को विश्वास है कि प्रशासन बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित एवं विधिसम्मत कार्रवाई करेगा।


