एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-राजातालाब थाना अंतर्गत गंभीरीपुर महगांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई।पारिवारिक झगड़े के बाद 26 वर्षीय टाइल्स मिस्त्री आशीष पटेल का शव घर के सामने स्थित चलित कुएं से बरामद किया गया।मृतक की पहचान आशीष पटेल पुत्र तेज बलि पटेल के रूप में हुई है।आशीष तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था।

उसकी पत्नी रीना पटेल और दो बेटियाँ हैं,जिनकी उम्र 2 साल और 6 महीने है।परिजनों के अनुसार रात करीब 9 बजे घर में पारिवारिक विवाद हुआ था।विवाद के कुछ देर बाद आशीष लापता हो गया।तलाश करने पर घर के सामने बने पुराने चलित कुएं में उसके गिरने की आशंका जताई गई।सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची।फायर ब्रिगेड की मदद से रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को कुएं से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पत्नी ने सास ससुर ननद ननदोई पर हत्या कर शव कुँए में फेंकने का जहाँ गम्भीर आरोप लगाया है वही राजातालाब पुलिस पर भी कार्यवाही ना करने का आरोप लगाया है।प्रभारी निरीक्षक राजातालाब दयाराम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है।फिर भी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।आशीष की मौत के बाद पत्नी रीना और दोनों मासूम बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव में शोक की लहर है।


