एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-कंपोजिट विद्यालय पलिया हरहुआ ब्लाक के 40 विद्यार्थियों ने करखियांव स्थित अमूल प्लांट एवं फैमिली ब्रेड फैक्ट्री का शैक्षिक एक्सपोज़र विजिट किया।भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं से परिचित कराना था।अमूल फैक्ट्री में विद्यार्थियों को दूध,दही,मिठाई आदि उत्पादों के निर्माण,पैकेजिंग और डिस्ट्रीब्यूशन की पूरी प्रक्रिया विस्तार से दिखाई गई।अमूल फैक्ट्री की ओर से बच्चों का स्वागत आइसक्रीम देकर किया गया।इस दौरान अमूल के प्रतिनिधि जीतेंद्र प्रताप ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।बच्चों ने विषयवस्तु को बारीकी से समझा।इसके बाद विद्यार्थियों ने फैमिली ब्रेड फैक्ट्री का भ्रमण किया,जहाँ उन्हें ब्रेड निर्माण की प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से समझाई गई।फैक्ट्री के प्रबंधक अमरेश सिंह ने भ्रमण के उपरांत बच्चों से प्रश्नोत्तर किए जिसमें ब्रेड बनाने की विधि,मशीनों की भूमिका और पैकेजिंग प्रक्रिया शामिल रही।सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को फैमिली ब्रेड के विभिन्न उत्पाद भेंट कर पुरस्कृत भी किया गया।फैक्ट्री की ओर से बच्चों को मफिन्स आदि देकर उनका स्वागत किया गया।शैक्षिक भ्रमण में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती रंजना तोमर सहित अन्य शिक्षकगण विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।विद्यालय परिवार ने इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव के लिए अमूल प्लांट और फैमिली ब्रेड फैक्ट्री प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।


