एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई महिला की मौत के मामले में अब बड़ा मोड़ सामने आया है।इस पूरे घटनाक्रम के मुख्य आरोपी कुलदीप पटेल ने वाराणसी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।बीते दिन अचानक कोर्ट में उसके सरेंडर करने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 17 जनवरी को चित्रसेनपुर गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी।विवाद इतना बढ़ा कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान मुख्य आरोपी कुलदीप पटेल ने अपने घर से फरसा (धारदार हथियार) लाकर महिला सुनीता देवी (35 वर्ष) पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें पहले नजदीकी निजी अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे,जहां दो दिन बाद इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया।परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।मौके पर मिर्जामुराद पुलिस के साथ-साथ एसीपी राजातालाब और एसडीएम राजातालाब भी पहुंचे। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पीएसी और भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया।अधिकारियों के समझाने-बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया,जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ।


