एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-राजातालाब पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है।एक ही घटना में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज होने से पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।बाद में थाना प्रभारी ने इसे तकनीकी खामी बताते हुए जीडी को दुरुस्त कराने की बात कही है।मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कृष्णदत्तपुर (मुंगवार) निवासी सुरेश कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह होलिका दहन कार्यक्रम से देर रात अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में गांव के ही रमेश यादव पुत्र बिहारी यादव,आशीष यादव पुत्र रमेश यादव,अमित यादव पुत्र रमेश यादव,मुकेश यादव पुत्र मंजू यादव और मंजू यादव पुत्र श्री यादव ने उन्हें रोक लिया।आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया,जिससे उनकी आंख के पास चोट आ गई।इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित की तहरीर पर राजातालाब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी घटना में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हो गए। जानकारी के अनुसार इस मामले में अपराध संख्या 43 और 44 के तहत दो एफआईआर दर्ज हो गईं।मामले को लेकर थाना प्रभारी राजातालाब का कहना है कि तकनीकी खामी के कारण दो मुकदमे दर्ज हो गए थे।उन्होंने बताया कि गलती का पता चलते ही जनरल डायरी (जीडी) को दुरुस्त कर दिया गया है और रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।


