एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-आराजी लाइन ब्लॉक सभागार में रविवार को एसडीएम के नेतृत्व में फार्मर रजिस्ट्री व अन्य कार्यों को लेकर आयोजित बैठक का ग्राम प्रधानों ने बहिष्कार कर दिया।बैठक में जनप्रतिनिधियों के न पहुंचने से सभागार में केवल राजस्व विभाग के अधिकारी,कर्मचारी और ग्राम पंचायत सचिव ही मौजूद रहे,जबकि बाहर प्रधानों ने विरोध प्रदर्शन किया।बताया गया कि बैठक शुरू होने से पहले ही विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान एकत्र हो गए और आपसी सहमति से बैठक में शामिल न होने का निर्णय लिया इसके बाद सभी प्रधान ब्लॉक कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।इस दौरान काफी देर तक परिसर में विरोध का माहौल बना रहा।

प्रधान संघ अध्यक्ष आराजी लाइन मुकेश पटेल व ग्राम प्रधान धानापुर चंद्रजीत यादव ने बताया कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद जब वे अपने क्षेत्र के कार्यों को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों के पास जाते हैं,तो उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता और कई बार उनकी उपेक्षा की जाती है।इसी के विरोध में सभी प्रधानों ने एकजुट होकर एसडीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक का बहिष्कार किया।इस दौरान प्रधानों ने एडीओ पंचायत आराजी लाइन सतीश कुमार मौर्या को एक पत्रक सौंपकर अपनी शिकायत भी दर्ज कराई।पत्रक में आरोप लगाया गया कि लेखपाल,राजस्व निरीक्षक सहित अन्य कर्मचारी ग्राम पंचायतों की राजस्व से जुड़ी समस्याओं जैसे सड़क,नाली,तालाब आदि का समय पर निस्तारण नहीं करते हैं।साथ ही जरूरत पड़ने पर फोन भी नहीं उठाते,जिससे ग्रामीणों की समस्याएं लगातार बनी रहती हैं।प्रधानों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्याओं का समाधान और अधिकारियों का व्यवहार नहीं सुधरेगा,तब तक इस तरह का विरोध जारी रहेगा।इस अवसर पर मुकेश पटेल प्रधान संघ अध्यक्ष संजय यादव प्रधान संघ महामंत्री संतोष यादव दीपापुर कल्पनाथ राजभर भदरासी चन्द्र जीत यादव धानापुर शकील अहमद राम बाबू राजभर शेरई सिंह लक्षापुर शामिल रहे।


