एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा डॉ विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया।इस शिविर का मुख्य उद्देश्य परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के महत्व को रेखांकित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ मनीष कुमार सिंह एवं एनएसएस समस्त यूनिट के कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया गया।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने परिसर की साफ-सफाई,झाड़ू लगाना,कूड़ा-कचरा एकत्रित करना तथा स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।परिसर प्रभारी डॉ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग होना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाएं तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।इस एक दिवसीय शिविर में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों,छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।



