एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-रोहनिया पुलिस ने शुक्रवार देर रात एसओजी के साथ संयुक्त छापेमारी में एक क्विंटल गांजा बरामद कर बिहार के रोहतास निवासी संजय कुमार दुबे को गिरफ्तार किया है।गांजा डीसीएम में कैविटी बनाकर छिपाया गया था।गिरफ्तार युवक ने गांजे की खेप बिहार ले जाने की बात स्वीकारी है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने पुलिस कार्यवाही की सराहना की है।डीसीपी ने बताया कि गांजा तस्करी की सूचना पर पुलिस टीमें अलर्ट थीं।रोहनिया पुलिस के साथ ही एसओजी ने भी अपना जाल बिछाया था।टीमों को सटीक सूचना एक साथ मिली तो संयुक्त आपरेशन चलाया गया।बताया कि अखरी चौकी अंतर्गत नेशनल हाईवे 19 पर बिहार की तरफ जा रही डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो एक बारगी निराशा मिली।चूंकि सूचना पुख्ता थी,इस लिए गहराई से जांच में कैविटी (मूल आकार से इतर कोई संरचना) नजर आई। जिसके बाद बुलडोजर से तोड़वाया गया तो 26 पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।गांजों की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है।डीसीएम के साथ हत्थे चढ़ा अथडीहा थाना दावथ रोहतास बिहार का रहने वाला संजय कुमार दुबे है,जिससे पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।पुलिस टीम में एसओजी के साथ थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह,अखरी चौकी प्रभारी विशाल सिंह सहित पुलिस टीम रही।मौके पर एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा भी पहुंचे।


