एस के श्रीवास्तव विकास

वाराणसी/-राजातालाब तहसील परिसर में शनिवार को एडीएम (प्रोटोकॉल) प्रकाश चंद्र ने निरीक्षण किया।इस दौरान उन्हें कई विभागों में अभिलेख/पत्रावली के रखरखाव में कमी मिली और साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।इस पर एडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई।यह निरीक्षण शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी के आदेश पर किया गया था।

एडीएम ने तहसील के विभिन्न न्यायालयों,नजारत,कलेक्शन विभाग,शिकायत समाधान पटल कक्ष,आइजीआरएस और अभिलेखागार सहित कई अनुभागों का गहन अवलोकन किया।उन्होंने कुछ कक्षों का बंद कमरे में भी निरीक्षण किया,जहां केवल संबंधित कर्मचारियों को ही प्रवेश की अनुमति थी।निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अभिलेखों की स्थिति,साफ-सफाई और दस्तावेजों के रखरखाव की जांच की।कई स्थानों पर पत्रावलियां अव्यवस्थित मिलीं और सफाई व्यवस्था में लापरवाही उजागर हुई एडीएम ने जोर देकर कहा कि सरकारी अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनकी सुरक्षा व सही रखरखाव में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एडीएम प्रकाश चंद्र ने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी अनुभागों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहें,अभिलेखों को सुरक्षित रखें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजातालाब,तहसीलदार राजातालाब और अन्य तहसील कर्मी मौजूद रहे।एडीएम ने इस बात पर भी जोर दिया कि तहसील कार्यालय सीधे जनता से जुड़ा है,इस लिए यहां की साफ-सफाई,अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए।


